डचेस काउंटी के तूफ़ान आइडा प्रभावित निवासी भी अब फ़ीमा सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं [https://www.fema.gov/hi/press-release/20211026/dutchess-county-residents-affected-hurricane-ida-can-now-apply-fema] Release Date: अक्टूबर 25, 2021 न्यूयॉर्क — फ़ीमा ने तूफ़ान आइडा के लिए 5 सितंबर की संघीय आपदा घोषणा में डचेस काउंटी को भी शामिल कर लिया है, जिससे उन काउंटियों की संख्या नौ हो गई है जिनके निवासी अब फ़ीमा आपदा सहायता के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। ब्रोंक्स, डचेस, किंग्स, नासाउ, क्वींस, रिचमंड, रॉकलैंड, सफ़ोक और वेस्टचेस्टर काउंटियों के निवासी अब फ़ीमा के व्यक्तिगत सहायता कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि सोमवार, 6 दिसंबर है। जिन्होंने पूर्व में आवेदन कर रखा है उन्हें फिर से आवेदन करने की ज़रूरत नहीं है। तूफ़ान आइडा ने 1-3 सितंबर को न्यूयॉर्क को अपनी चपेट में लिया था। उपरोक्त नौ काउंटियों में प्रत्यक्ष तौर पर तूफ़ान से क्षति और नुकसान झेलने वाले गृहस्वामियों और किराएदारों को सहायता हेतु आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। आपदा सहायता में अस्थायी आवास और घर की आवश्यक मरम्मत के कार्यों के साथ-साथ चिकित्सा और दंत चिकित्सा जैसी आपदा से संबंधित अन्य गंभीर ज़रूरतों पर किए गए खर्च के भुगतान में सहायता हेतु अनुदान भी शामिल किए जा सकते हैं। आपको फ़ीमा में आवेदन करना चाहिए, भले ही आपके पास बीमा हो, लेकिन पहले अपने बीमा प्रदाता के यहां अपना क्लेम दायर करें। फ़ीमा आवेदकों को उनके अबीमाकृत या अपर्याप्त बीमा कवर वाले आपदाजनित खर्चों और गंभीर ज़रूरतों के मदों में सहायता प्रदान करती है। आवेदकों को बाढ़ बीमा, गृहस्वामी बीमा और वाहन बीमा सहित अपने तमाम बीमा कवर के बारे में फ़ीमा को सूचित करना आवश्यक है। फ़ीमा निजी बीमा कवर के दायरे में आने वाली श्रेणियों के लिए सहायता हेतु पात्रता पर विचार करे, उससे पहले बीमित आवेदकों को अपने बीमा निपटान या बीमा लाभों से जुड़े दस्तावेज़ उपलब्ध कराने होंगे। फ़ीमा सहायता हेतु आवेदन के लिए DisasterAssistance.gov [https://www.disasterassistance.gov/] पर जाएं, FEMA मोबाइल ऐप का उपयोग करें या फ़ीमा हेल्पलाइन को 800-621-3362 पर कॉल करें। यदि आप VRS (वीडियो रिले सर्विस), कैप्शंड टेलीफ़ोन सर्विस या किसी अन्य रिले सेवा का उपयोग करते हैं, तो फ़ीमा को उसका नंबर उपलब्ध कराएं। हेल्पलाइन ऑपरेटर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक उपलब्ध होते हैं। स्पेनिश के लिए 2 दबाएं, आपकी भाषा बोलने वाले दुभाषिए के लिए 3 दबाएं। आप किसी डिज़ास्टर रिकवरी सेंटर (डीआरसी) पर भी जा सकते हैं, जहां आप फ़ीमा के कर्मचारियों तथा अन्य संघीय एवं राज्य की एजेंसियों के प्रतिनिधियों से आमने-सामने बात कर सकते हैं, जो आपके लिए उपलब्ध आपदा सहायता के बारे में जानकारी प्रदान कर सकते हैं। आप किसी डिज़ास्टर रिकवरी सेंटर पर भी आवेदन कर सकते हैं। निकट के रिकवरी सेंटर की जानकारी के लिए DRC Locator (fema.gov) [https://egateway.fema.gov/ESF6/DRCLocator] पर जाएं। न्यूयॉर्क के तूफ़ान आइडा रिकवरी प्रयासों पर नवीनतम जानकारी के लिए www.fema.gov/disaster/4615 [http://www.fema.gov/disaster/4615] पर जाएं। ट्विटर पर हमें twitter.com/femaregion2 [https://twitter.com/femaregion2] पर फॉलो करें और फ़ेसबुक पर www.facebook.com/fema [http://www.facebook.com/fema] पर जाएं।